
On the occasion of 74th Republic Day, Governor Banwarilal Purohit hoisted the national flag in Jalandhar


उन्होंने कहा कि पंजाब की खूबसूरत धरती पर पांच नहीं छह दरिया बहते है जिनमें से एक बलिदान की दरिया है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने के लिए कई आंदोलन चलाए गए, जिनमें कूका आंदोलन और गदर आंदोलन शामिल है। पुरोहित ने कहा कि बहादुरता पंजाबियों को विरासत में मिली है और सिख गुरुओं के बलिदान के उदाहरण पूरी दुनिया में अद्वितीय है राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने देश की सीमाओं की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाले वीर जवानों की चर्चा करते हुए कहा कि देश को बाहरी खतरों से सुरक्षित रखने में पंजाबियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और आज भी पंजाब के युवक-युवतियां बढ –चढ कर देश की सुरक्षा में भाग ले रहे है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने न केवल बलिदानों का इतिहास रचा बल्कि यहां के शीर्ष किसानों ने अपने अथक प्रयासों से देश में हरित क्रांति लाकर अनाज के भण्डार भरे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब 35 करोड़ की आबादी के लिए खाद्यान्न की कमी थी और देश बाहर से अनाज आयात करने के लिए मजबूर था, लेकिन आज 135 करोड़ की आबादी के लिए न केवल प्रचुर मात्रा में अनाज है, बल्कि निर्यात भी हो रहा है जिसमें पंजाब और पंजाब के किसानों का बहुत बड़ा योगदान है। पंजाब के 6 सरहद वाले जिलों के बारे में राज्यपाल ने कहा कि अक्सर सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी की खबरें आती रहती है जो चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश और अपने राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए न केवल पुलिस बल्कि हम सभी को भी सतर्क रहना चाहिए। राज्यपाल ने लोगों से भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार हमारे लोकतंत्र, गणतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाता है जो बिल्कुल नहीं होना चाहिए। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि पंजाब और चंडीगढ़ में तैनात करीब 350 आईएएस ,आईपीएस अधिकारियों को स्वंय पत्र लिखकर स्वच्छ, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के संकल्प को सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार की सामाजिक बुराई को मिटाने के लिए आगे आने की अपील की क्योंकि यह भी एक राष्ट्रीय सेवा है जिसमें सभी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब ने विदेशी साम्राज्यों से आजादी दिलाने में बड़ा योगदान दिया है और अब पंजाब के लोगों को भ्रष्टाचार और भ्रष्ट लोगों को रोकने के लिए एक उदाहरण पेश करे। राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और विशेष रूप से महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण को एक चुनौती के रूप में लिया जाए और उन सभी के लिए एक स्वस्थ वातावरण के निर्माण पर पूरा ध्यान देना चाहिए। इसके बाद राज्यपाल ने आई.पी.एस.अधिकारी मनिंदर सिंह व डीएसपी माधवी शर्मा के नेतृत्व में निकाले मार्च पास्ट से सलामी ली। देशभक्ति गीतों पर स्कूली छात्रों की प्रस्तुतियों का लुत्फ उठाने के बाद राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने विभिन्न क्षेत्रों में शानदार सेवाएं देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया। जिला प्रशासन ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया। राज्यपाल ने जरूरतमंद लाभार्थियों को सिलाई मशीन और ट्राईसाइकिल भी बाँटे। राज्यसभा सदस्य व विश्व विख्यात पर्यावरणविद संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल, विधायक शीतल अंगुराल, विधायक बलकार सिंह, मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ, डीजीपी गौरव यादव, डिवीजनल कमिश्नर गुरप्रीत कौर सपरा, जिला एवं सैशन जज रूपिंदरजीत चहल, एडीजीपी (ला एंड आर्डर) अर्पित शुक्ला, आईजी गुरशरण सिंह संधू, डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह, एसएसपी देहाती स्वर्णदीप सिंह ,मुख्य इंजीनियर उत्तरी जोन पावरकाम रमेश लाल सारंगल के इलावा पंजाब एग्रो चेयरमैन मंगल सिंह, ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी, जिला योजना समिति के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह आदि मौजूद थे।
पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित 74वें गणतंत्र दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह के दौरान गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में जरूरतमंद लाभार्थियों को सिलाई मशीन और ट्राईसाइकिलें बाँटते हुए।
. पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित 74वें गणतंत्र दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह के दौरान गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में शानदार सेवाओं के लिए विभिन्न हस्तियों को सम्मानित करते हुए।
जालंधर जिला प्रशासन की तरफ से राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को स्मृति चिन्ह भेंट करते डिप्टी कमिश्नर जसप्रीत सिंह और अन्य अधिकारी।