पंजाब : खबर मिली है कि पंजाब के बटाला के नजदीकी कस्बा कादियां में तेंदुआ दिखाई दिया है। तेंदुआ के दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी अनुसार तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है, जिसके बाद जंगलात विभाग ने क्षेत्र में तेंदुआ होने की पुष्टि की है। विभाग की तरफ से लोगों से सर्तक रहने की अपील की गई है। वहीं, जंगलात विभाग की तरफ से तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
हरचोवाल रोड पर स्थित कॉलोनी के रहने वाले हलीम अहमद ने बताया कि दो दिन पहले वे पत्नी के साथ कहीं जाने के लिए कार में बैठ रहे थे। तभी अचानक सड़क की एक तरफ से झाड़ियों में से एक तेंदुए जैसा जानवर निकला। वह जानवर सड़क पार कर दूसरी तरफ झाड़ियों में चला गया। हलीम अहमद ने आसपास के लोगों को बताया, लेकिन उसके बाद जानवर नहीं दिखा। उसने जंगलात विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। वहीं, सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद जंगलात विभाग ने उसी क्षेत्र में तेंदुआ होने की पुष्टि की है।











