लुधियाना : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने लुधियाना के गुरुनानक स्टेडियम में तिरंगा फहराया। इस मौके उन्होंने गुरुनानक स्टेडियम में परेड की सलामी ली। CM मान ने कहा कि देश को आजादी शहीदों की कुर्बानियों के बाद मिली है। उन्होंने कहा जिन लोगों ने देश को आजादी दिलवाई, उनमें से बहुत सारे तो भारत को आजाद होते हुए देख भी नहीं पाए।
सीएम मान ने कहा कि अभी भी हम पूरी तरह आजाद नहीं हुए। शहीदों ने जैसी आजादी सोची थी, वो आजादी अभी नहीं मिली। भगवंत मान ने कहा कि थानों-कचहरियों में अभी रिश्वतखोरी चल रही है। आज सभी को उच्च शिक्षा की जरूरत है। बच्चे उच्च शिक्षा लेकर देश और परिवार का नाम रोशन कर सकें। आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार पंजाब में बच्चों के लिए बढ़िया स्कूल और स्पोर्ट्स के लिए बढ़िया स्टेडियम बनवाएगी। भगवंत मान ने कहा कि वह आज के पंजाब को भगत सिंह का रंगला पंजाब बनाकर ही दम लेंगे।
भगवंत मान ने कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं। बेटियां पढ़ लिख कर आज नाम रोशन कर रही हैं। बेटियों को कोख में न मारा जाए। बेटियों को पढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों ने जिस आजादी की सपना देखा था वो अभी पूरा नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी शहीदों के सपनों की आजादी को जमीनी स्तर पर लाने के लिए वचनबद्ध है।
उन्होंने कहा आजादी हमें उस दिन मिलेगी जिस दिन हर घर नशा मुक्त होगा, हर बच्चा शिक्षित होगा। सेहत सुविधाओं के मामले में आज 75 मोहल्ला क्लीनिक खोल कर पंजाब के लोगों से किया वादा पूरा किया जा रहा है।