जालंधर : जालंधर में थाना डिवीजन नंबर आठ के इलाके फोकल प्वाइंट के पास लुटेरों ने एक प्रेसकर्मी से बाइक लूट ली। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार रात सवा दस बजे की है। विशेष बात यह है कि शहर में रात 11 बजे से नाइट कफ्र्यू शुरू हो जाता है। इससे पहले इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।
पीडि़त ट्रांसपोर्ट नगर निवासी राम नरेश ने बताया कि वह फोकल प्वाइंट में एक प्रेस में काम करता है। रात को घर से आफिस आ रहा था। इस दौरान फोकल प्वाइंट मोड़ पर तीन मोटरसाइकिलों पर आए छह बदमाशों ने पहले तो उसे धक्का देकर बाइक से गिरा दिया और फिर उसके साथ मारपीट की।इसके बाद लुटेरों ने उसे तलवार लेकर दौड़ा दिया। फिर बदमाश उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।