पंजाब : खबर है कि पंजाब सरकार के परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है , मिली जानकारी अनुसार विभाग ने करीब 600 बसों के परमिट रद्द कर दिए हैं। आरोप है कि ये परमिट अवैध तरीके से जारी किए गए थे।सरकार ने जिन बसों के परमिट रद्द किए हैं, उनमें 30 फीसदी बसें बादल परिवार की हैं।
परिवहन मंत्री ने गुरुवार को पंजाब मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 80-ए के तहत समेकित सभी समग्र परमिटों की व्यापक जांच का आदेश दिया है. स्टेज कैरिज परमिटों की अवैध क्लबिंग और परिवहन क्षेत्र में परिचालन संबंधी अनियमितताओं के मुद्दे को हल करने के लिए यह निर्णायक कार्रवाई की गई है ,जिसके परिणामस्वरूप 600 ऐसे परमिट रद्द कर दिए गए हैं.
कैबिनेट मंत्री ने सभी क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) सचिवों को अपने अधिकार क्षेत्र में सीपी परमिटों की गहन जांच करने का निर्देश दिया है, ताकि नियम 80-ए और उसके बाद के स्पष्टीकरणों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके, जिससे केवल योग्य परमिटों को ही संयुक्त समय सारिणी में शामिल किया जा सके.
मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यह पूरा खेल 2007 से 2017 तक अकाली दल सरकार और फिर कांग्रेस सरकार के दौरान खेला गया। इन परमिटों का कोई सिर-पैर नहीं था। इसमें कई बड़ी ट्रांसपोर्ट कंपनियां शामिल थीं, जिन्हें परमिट जारी किए गए थे। उन्होंने कुछ ट्रांसपोर्ट कंपनियों के नाम भी बताए, जिनमें बादल परिवार की स्वामित्व वाली कंपनी के करीब 30 फीसदी परमिट रद्द कर दिए गए हैं, जो अवैध थे। परिवहन मंत्री ने कहा कि पूरी जांच के बाद ही सरकार ने यह कार्रवाई की है। इस कदम से छोटे ट्रांसपोर्टरों को काफी फायदा होगा। यह कारोबार अब तक बड़ी कंपनियों के हाथ में था लेकिन अब इसका फायदा छोटे ट्रांसपोर्टरों को होगा।













