चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में वाहनों के फैंसी नंबरों की नीलामी ने नए रिकॉर्ड कायम कर दिए हैं। इस बार CH01-DA सीरीज़ के नंबरों की नीलामी में बोली लगाने वालों ने ऐसी उत्सुकता दिखाई कि कीमतें लग्ज़री कारों के स्तर तक पहुंच गईं। खासकर नंबर CH01-DA-0001 ने इतिहास रच दिया, जिसे 36 लाख 43 हजार रुपये की अविश्वसनीय बोली पर खरीदा गया यह अब तक का सबसे महंगा पंजीकरण नंबर बन गया है।
यह रकम इतनी है कि एक ब्रांड न्यू टोयोटा फॉर्च्यूनर या तीन महिंद्रा थार खरीदी जा सकती थीं। नीलामी 19 अगस्त से 22 अगस्त तक सेक्टर-17 स्थित रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RLA) द्वारा आयोजित की गई थी। इस चार दिवसीय आयोजन में कुल 577 फैंसी नंबरों की बिक्री हुई, जिससे प्राधिकरण को 4 करोड़ 08 लाख 85 हजार रुपये की रिकॉर्ड कमाई हुई जो अब तक किसी भी एकल नीलामी में सबसे अधिक है।
टॉप फैंसी नंबरों की सूची और उनकी कीमतें:
CH01-DA-0001 – ₹36.43 लाख
CH01-DA-0003 – ₹17.84 लाख
CH01-DA-0009 – ₹16.82 लाख
CH01-DA-0005 – ₹16.51 लाख
CH01-DA-0007 – ₹16.50 लाख
CH01-DA-0002 – ₹13.80 लाख
CH01-DA-9999 – ₹10.25 लाख
क्या है फैंसी नंबरों का क्रेज?
गाड़ियों के लिए “0001”, “0007”, “9999” जैसे नंबरों की मांग हमेशा ऊंची रही है। ये नंबर न केवल याद रखने में आसान होते हैं, बल्कि इनका जुड़ाव फिल्मों, सेलिब्रिटी कल्चर और भाग्यशास्त्र से भी देखा जाता है।











