जालंधर : जालंधर में पठानकोट बाईपास के नज़दीक स्थित कैपिटोल अस्पताल के सामने आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जम्मू-कश्मीर नंबर की वेगनआर कार सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से टकरा गई, जिससे कार में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे में एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद टिप्पर चालक केवल सिंह ने बताया कि उसका टिप्पर करीब एक घंटा पहले खराब हो गया था और वह जैक लगाकर नीचे बोल्ट बदल रहा था। इसी दौरान तेज़ रफ्तार में आ रही वेगनआर कार अनियंत्रित होकर सीधे टिप्पर से जा टकराई।
थाना 4 के एएसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि टिप्पर खराब था और सड़क पर खड़ा था। टक्कर मारने वाला कार चालक जम्मू-कश्मीर निवासी मनीष कुमार है, जो कि सीआरपीएफ का जवान बताया जा रहा है। क्रेन की मदद से कार को सड़क से हटाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।












