जालंधर : जिला जालंधर के विभिन्न इलाकों में जमीनी विवादों का आज मौके पर हल करने के लिए पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा की अध्यक्षता में जन माल लोक अदालत लगाई गई। लोक अदालत में 1500 से अधिक लोग राजस्व संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे।इनमें से 816 दाखिल-खारिज (म्यूटेशन, इंतकाल) का फैसला मौके पर ही किया गया।
जबकि 90 ताजा शिकायतें अधिकारियों को प्राप्त हुईं। मंत्री ने अधिकारियों को इन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि लोगों को जन-समर्थक पहल से लाभ मिल सके। मीडिया से बातचीत करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को सुचारू और परेशानी मुक्त तरीके से नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए कुछ अग्रणी पहल की हैं।
मंत्री जिंपा के साथ सांसद सुशील कुमार रिंकू, विधायक शीतल अंगुराल, विधायक रमन अरोड़ा, विशेष मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल और जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन अमृतपाल भी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में जन माल लोक अदालत शुरू की गई है।