फरीदकोट : पंजाब की आप पार्टी की सरकार ने राज्य के लोगों के लिए दो महीने में 600 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की लेकिन इसमें सामान्य वर्ग को 601 यूनिट होने पर पूरा बिल भुगतान करने को कहा गया है। वहीँ इसी के विरोध में समान्य वर्ग ने धरना शुरू किया है। इसके चलते उन्होंने शहर में बिजली घर के बाहर प्रचंड गर्मी में टेंट लगाकर प्रदर्शन शुरू किया।
धरने में बैठे लोगों का कहना है कि जनरल वर्ग का होना कोई गुनाह थोड़े है, जिसकी सजा पंजाब सरकार उन्हें दे रही हैं। उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने पंजाब वासियों को 300 यूनिट फ्री बिजली दिए जाने की घोषणा की थी। लेकिन अब 1 जुलाई से फ्री बिजली देने की घोषणा तो सरकार ने कर दी है लेकिन जनरल वर्ग के लिए इसमें बड़ा पेंच लगा दिया गया है। इसमें दो महीने में यदि 600 की जगह 601 यूनिट बिजली जनरल वर्ग खपत करेगा तो उसे पूरा बिल भुगतान करना पड़ेगा।
वहीँ धरने में बैठे लोगों ने कहा कि सरकार को सभी लोगों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली देनी चाहिए। चाहे उपभोक्ता किसी भी वर्ग का हो। जनरल वर्ग होने के नाते उनसे 600 की जगह 601 यूनिट बिजली बिल होने पर पूरा भुगतान करवाया जाना गलत है। उन्होंने कहा सरकार को अपने फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए क्योंकि सरकार बनाने में गांव से लेकर शहर तक पूरे राज्य में जनरल वर्ग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।