Skip to content

अमृतसर में 70 साल के बुजुर्ग पर आवारा कुत्तों ने किया हमला , हुई मौत

अमृतसर में 70 साल के बुजुर्ग पर आवारा कुत्तों ने किया हमला , हुई मौत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

अमृतसर : आवारा कुत्तों के हमले से पंजाब में एक और शख्स की जान चली गई है । अमृतसर शहर के इस्लामाबाद क्षेत्र की चौकिया वाली गली में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर लौट रहे 75 वर्षीय गुरदीप सिंह पर गली में घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक गुरदीप सिंह कई वर्षों से टाहली साहिब मार्केट में कपड़ों की दुकान पर काम करते थे। परिवार में उनकी पत्नी सरबजीत कौर, बेटा हरजोत सिंह और दो विवाहित बेटियां हैं। शनिवार शाम वह रोजाना की तरह काम से घर लौटे थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि पिछली गली में रहने वाले एक रिश्तेदार की तबीयत खराब है। रात को खाना खाने के बाद वह उनका हालचाल जानने के लिए घर से निकल गए ,

बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े दस बजे जब गुरदीप सिंह रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे, तभी गली में घूम रहे पांच से सात आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने खुद को बचाने और वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद सभी कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरदीप सिंह काफी देर तक मदद के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन भीषण गर्मी के कारण अधिकांश घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं तथा लोग घरों के अंदर थे। उनकी चीखें किसी तक नहीं पहुंच सकीं।

कुछ समय बाद जब गली से अन्य लोग गुजरे तो उन्होंने गुरदीप सिंह को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। तत्काल परिवार को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।