उदयपुर : चिलचिलाती धूप में जोमैटो बाय जब आर्डर देने आया तो अठारह साल का कस्टमर पेट भरने के लिए किए जा रहे शारीरिक श्रम को देखकर विचलित हो उठा। इतना ही नहीं जब उसे पता चला कि डिलीवरी करने वाला युवक पहले एक शिक्षक था और कोरोना महामारी के चलते उसकी नौकरी चली गई तो वह और भी चिंता में पड़ गया। तो कस्टमर ने तुरंत उसकी सहायता करने की ठान ली और महज दो घंटे में एक लाख 90 हजार रुपये एकत्र कर लिए। इसके बाद कस्टमर ने जोमैटो बॉय को एक नई चमचमाती बाइक दिलाई और बाकी का पैसा उसकी उधारी का भुगतान करने के लिए दे दिए। यह मामला राजस्थान के भीलवाड़ा जिला मुख्यालय का बताया जा रहा है। मिली जानकारी अनुसार अठारह साल के आदित्य शर्मा ने यह कारनामा कर दिखाया है , जिसकी हर तरफ प्रशंसा की जा रही है।
प्राप्त जानकारी मुताबिक आदित्य ने जोमैटो बॉय दुर्गाशंकर मीणा की मदद के लिए ट्विटर पर लोगों से मदद का आह्वान किया तो महज दो घंटे में एक लाख 90 हजार रुपये एकत्र हो गए। जबकि आदित्य ने जोमैटो बॉय को बाइक दिलाने के लिए 75 हजार रुपये की मदद मांगी थी। वहीँ आदित्य ने डिलीवरी बॉय दुर्गाशंकर को 90 हजार रुपए कीमत की नई स्पलेंडर बाइक दिलाई। बाकी रुपये भी उसको दे दिए, ताकि वह अपना उधारी चुका सके। वहीँ आदित्य बताते हैं कि लोगों की मदद का आलम यह था कि उसे दोबारा ट्विट कर मदद बंद करने की अपील करनी पड़ी। वहीँ बाइक पाकर जोमैटो बॉय दुर्गाशंकर की आंखों में आंसू आ गए थे।