जालंधर : जालंधर में चोरों का आतंक छाया है , वाहन चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। तीन अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं के बाद लोगों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी बढ़ने लगी है। पहली वारदात फोक्ल प्वाइंट के पास हुई, जहां पीबी-08-सीटी-9288 नंबर की बाइक चोरी कर ली गई। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दिखाई दे रहे हैं। एक युवक रास्ते में बाइक खड़ी कर रेकी करता है, जबकि दूसरा मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी कर लेता है। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो जाते हैं।
दूसरी घटना श्री देवी तालाब मंदिर के बाहर हुई। अजीत नगर निवासी व्यक्ति माथा टेकने मंदिर आया था और उसने बाइक बाहर पार्क की थी। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। सीसीटीवी में पीली टी-शर्ट और सिर पर परना पहने एक युवक बाइक चोरी करता दिखाई दे रहा है।
तीसरी वारदात फुटबॉल चौक स्थित जीएस होंडा शोरूम के बाहर हुई। यहां एक अज्ञात युवक बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर ले गया। इस घटना की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी का चेहरा साफ नजर आ रहा है।
पीड़ितों ने पुलिस को शिकायतें दी हैं। उनका आरोप है कि सीसीटीवी में चेहरे स्पष्ट होने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने और वाहन चोरी पर रोक लगाने की मांग की है।














