Tatkal Ticket New Rule: अभी हाल ही में इंडियन रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग नियमों में कुछ बदलाव किए हैं और अब ऑफलाइन रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट लेने वालों के लिए भी नियमों में बदलाव किया गया है. रेलवे ने काउंटर पर जारी किए गए टिकटों के लिए एक OTP-बेस्ड ऑथेंटिकेशन सिस्टम शुरू किया है. यानी अगर आप रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट लेते हैं तो इसके लिए पहले आपको ओटीपी शेयर करनी होगी. इसके जरिए रेलवे, टिकट बुक करने की पूरी प्रक्रिया को ट्रांसपेरेंट और सुरक्षित बनाना चाहता है.
इंडियन रेलवे ने इस नए रूल को लागू करने से पहले 17 नवंबर 2025 से रिजर्वेशन काउंटर पर बुक किए गए तत्काल टिकटों के लिए OTP सिस्टम का पायलट ट्रायल शुरू किया था. पायलट फेज में, इस सिस्टम को 52 ट्रेनों में लागू किया गया था और इसके सफल होने के बाद अब इसे पूरी तरह से लागू करने की तैयारी चल रही है.
नए नियम के आने के बाद काउंटर पर तत्काल टिकट बुक करने वाले पैसेंजर को अपने फॉर्म पर अपना मोबाइल नंबर देना होगा. इसी मोबाइल नंबर पर OTP आएगा. काउंटर स्टाफ के सही OTP वेरिफाई करने के बाद ही टिकट बुक होगा.











