चंडीगढ़ : पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपों में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने करीब 2500 पेज की चार्जशीट अदालत में जमा करा दी है। ज्योति पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। चाजर्शीट में दावा किया गया है कि उसके खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस ने 16 मई को जासूसी के शक में ज्योति को गिरफ्तार किया था। पुलिस की मानें तो वह लंबे समय से पाकिस्तानी एजेंटों को गोपनीय जानकारी दे रही थी और उनके साथ लगातार संपर्क में थी।
पुलिस का कहना है कि शुरुआत में एक सामान्य यूटय़ूबर की तरह ज्योति ने ब्लॉग और वीडियो बनाए। लेकिन, पाकिस्तान यात्रा के दौरान खुफिया एजेंटों से वह मिली। ज्योति के फोन की जांच में पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी अहसान-उर-रहीम दानिश अली के साथ उनकी बातचीत के सबूत मिले। चाजर्शीट में उनके आईएसआई एजैंटों शाकिर, हसन अली और नासिर ढिल्लन से भी संबंधों का जिक्र है। ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने कहा कि वे चाजर्शीट की समीक्षा के बाद कानूनी जवाब देंगे। इस मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त को होगी।











