पटियाला : बड़ी खबर मिल रही है कि पंजाब के पटियाला में पवित्र ग्रंथ की बेअदबी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी अनुसार गांव करहाली में गुरुद्वारा छठी पातशाही के नजदीक खेतों में जाती पानी की छोटी नहर की पुली के नीचे गुटका साहिब, सिरी साहिब और कड़े मिले हैं। वहीँ इसका पता चलते ही मौके पर एसएसपी पटियाला, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ सिख संगत भी पहुंची।
बताया जा रहा है कि किसी अराजक तत्व ने छोटी नहर में गुटका साहिब, रूमाला साहिब के साथ-साथ सिरी साहिब और कड़े भी फेंके हुए थे। वहीँ इसकी सूचना किसी ने गुरुघर में दी। जिसके बाद मौके पर सिख संगत पहुंच गईं। सिख संगत ने इसके बारे में पुलिस को सूचित किया। वहीँ इसके बाद इलाका मजिस्ट्रेट कम स्थानीय एसडीएम व पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
वहीँ मौके पर पहुंचे एसएसपी ने कहा कि सारे मामले की जांच करवाई जाएगी। जिसने भी बेअदबी जैसी घटिया हरकत करके माहौल खराब करने की कोशिश की है उसे बख्शा नहीं जाएगा।