Skip to content

पंजाब में नगर निकाय चुनाव का एलान , इस दिन डाले जाएंगे वोट

पंजाब में नगर निकाय चुनाव का एलान , इस दिन डाले जाएंगे वोट
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब : पंजाब में नगर निकाय चुनाव का शंखनाद हो गया है। पंजाब के पांच नगर निगमों और 44 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए 21 दिसंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती मतदान की समाप्ति के बाद शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने रविवार को यह जानकारी दी। आयोग के मुताबिक नगर निकाय चुनावों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पंजाब राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने कहा कि पांच नगर निगमों और 44 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतदान 21 दिसंबर को सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि मतदान के फौरन बाद वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने आगे बताया कि राज्य में आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। पंजाब के जिन पांच नगर निगमों के लिए चुनाव हो रहे हैं उनमें अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा का नाम शामिल है।

चौधरी ने बताया कि नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया नौ दिसंबर से शुरू होगी और अंतिम तिथि 12 दिसंबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच 13 दिसंबर को की जाएगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 14 दिसंबर होगी।

उन्होंने बताया कि इन चुनावों में 37.32 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं जिनमें 17.75 लाख महिलाएं और 204 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।