पंजाब/लुधियाना : लुधियाना में बीती रात एक शादी समारोह में जबरदस्त फायरिंग हुई। जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें फायरिंग तक नौबत आ गई। घटना में कम से कम 2 लोगों की मौत हुई और 5 से 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायल व्यक्तियों को DMC अस्पताल और अन्य प्राइवेट हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया है।
यह घटना पखोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में हुई, जहां झूला कॉन्ट्रैक्टर के परिवार का शादी समारोह चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, समारोह में उपस्थित दो गैंगस्टर आपस में बहस करने लगे, जो कुछ ही मिनटों में हाथापाई और फायरिंग में बदल गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग में करीब 20 से 25 राउंड दागे गए।
घायलों में कॉन्ट्रैक्टर की रिश्तेदार नीरू छाबड़ा को गोली लग गई। जिसकी वजह से नीरू गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिन्हें गंभीर हालत में फिरोजपुर रोड के ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे मृतक की पहचान वासु चोपड़ा के रूप में हुई है।
इस घटना के समय नॉर्थ हलके के MLA मदन लाल बग्गा भी समारोह में मौजूद थे। फायरिंग के दौरान समारोह में कई अन्य मेहमान और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद थीं। अचानक हुई गोलीबारी के कारण समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।













