जालंधर : जालंधर में नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब गैर कानूनी तरीके से काटी गई कॉलोनियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने सोमवार को गांव सुभाना जो कि कैंट के कांग्रेस विधायक परगट सिंह के विधानसभा में पड़ता है वहां पर अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी पर डिच मशीन चलाई।
सुभाना में नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच ने कमिश्नर अभिजीत कपलिश और संयुक्त कमिश्नर शिखा भगत के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी में बन रहे घरों पर भी मशीन चलाई है।इसके अलावा कॉलोनी में अवैध तरीके से बनाई गई सड़कें, डाले गए सीवरेज और वाटर सप्लाई को भी नगर निगम के अधिकारियों ने वहां पर खड़े होकर तुड़वाया।
बताया जा रहा है नगर निगम ने सुभाना में काटी गई अवैध कॉलोनी को लेकर नोटिस भी जारी किया था, लेकिन कॉलोनी काटने वाले मालिकों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। नोटिस का न को नगर निगम को कोई जवाब दिया और न ही अवैध कॉलोनी का काम बंद किया। इसके बाद आज यह कार्रवाई की गई है।