जालंधर : जालंधर के भार्गव कैंप में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शराब माफिया ने एक्साइज विभाग की टीम पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया ।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक एक्साइज विभाग को इलाके में अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम पुलिस को साथ लेकर छापेमारी के लिए पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीम जैसे ही संदिग्ध ठिकाने पर पहुंची, वहां मौजूद शराब माफिया ने विरोध करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।












