नेशनल न्यूज़ : हाइड्रोजन ट्रेन सोमवार को जींद से सोनीपत जाएगी। बताया जा रहा है कि आगामी दिनों में ये ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच प्रतिदिन दो से तीन चक्कर लगाएगी, जोकि ट्रायल का हिस्सा है। चेन्नई में तैयार हुई नमो ग्रीन रेल देश की पहली हाइड्रोजन गैस से चलने वाली ट्रेन है। इसके संचालन से पहले रेलवे पूरी सतर्कता बरत रहा है।
ट्रेन को रविवार से चलाने की तैयारी थी, लेकिन एक इंजन में हाइड्रोजन गैस नहीं भरी जा सकी, जिसकी वजह से ट्रेन को नहीं चलाया जा सका।
बता दें कि लखनऊ से आई आरडीएसओ (अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन) की टीम ने 25 से 28 फरवरी तक ट्रेन का रनिंग ट्रायल किया था। 25 फरवरी को सुबह 8:25 बजे ट्रेन सोनीपत की ओर रवाना हुई।पहले पांडू पिंडारा तक डीजल इंजन की मदद से ले जाया गया। पांडू पिंडारा से ललित खेड़ा तक हाइड्रोजन इंजन के साथ रनिंग ट्रायल हुआ। दोनों स्टेशनों के बीच दो बार ट्रेन को चलाया गया।
इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा स्पीड रखी गई। पिंडारा पहुंचने के बाद गोहाना से आगे मुहाना तक डीजल इंजन के साथ ट्रेन को ले जाया गया। वापसी में हाइड्रोजन इंजन के साथ ट्रेन को चलाया गया।











