जालंधर : जालंधर के अवतार नगर इलाके में देर रात चोरों ने एक जनरल स्टोर पर धावा बोलते हुए हुए 35 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, छाबड़ा जनरल स्टोर के मालिक जतिन रोजाना की तरह गुरुवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उनके बेटे युवी ने जब दुकान खोली तो ताले टूटे हुए पाए। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी से नकदी गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 3:30 बजे एक मुंह ढका व्यक्ति दुकान के अंदर घुसा। उसने सीधे काउंटर के पास रखी तिजोरी को खंगाला और उसमें रखी करीब 35 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। बताया जा रहा है कि यह रकम मंडी में भुगतान के लिए अलग रखी गई थी। चोर वारदात को अंजाम देकर कुछ ही मिनटों में फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारगव कैंप पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।













