नेशनल न्यूज़ : बड़ी खबर है कि महाकुंभ में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मेला प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच चुका है। सभी सरकारी अमला ऐक्शन में है। अखाड़ों का अमृत स्नान रोक दिया गया है। मेला प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही लोगों से संयम रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील कर रहा है। सभी अखाड़ों ने मौनी अमावस्या पर होने वाला अमृत स्नान को रद्द कर दिया है।
भगदड़ में घायल हुए लोगों को एंबुलेंस से महाकुंभ मेला में बने अस्पताल में लाया गया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ से महाकुंभ भगदड़ पर बात की है। वहीं, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि सभी लोग संगम में ही स्नान करना चाहते हैं, इसलिए ये हादसा हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां साफ जल दिखे स्नान कर लें। महाकुंभ मेला प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह हादसा मंगलवार देर रात करीब 2 बजे हुआ है।
महाकुंभ भगदड़ में 30 लोगों की मौत, 90 घायल
प्रयागराज मेला प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि महाकुंभ भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में 90 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। डीआईजी ने बताया कि 25 मृतकों की पहचान की गई है।













