पंजाब : पंजाब में अब बिजली सस्ती होगी। मान सरकार ने गोइंदवाल साहब स्थित 540 मेगावाट के जीवीके कंपनी के थर्मल प्लांट को खरीद लिया है। पावरकॉम ने इसे 1080 करोड़ रुपए में खरीदा है। अब इसका नाम गुरु अमर दास थर्मल प्लांट होगा।इसको लेकर आज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे सस्ता थर्मल प्लांट है इससे पहले चार निजी थर्मल प्लांट बिके हैं। जिनकी औसत कीमत 3 करोड़ से लेकर 4 करोड़ प्रति मेगावाट रही है जबकि पंजाब सरकार ने मात्र 6 साल पहले ही शुरू हुए थर्मल प्लांट को 2 करोड़ रुपए प्रति मेगावाट के हिसाब से खरीद लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस थर्मल प्लांट की क्षमता 61 प्रतिशत थी, जबकि इसमें से सिर्फ 34 फीसदी तक का ही प्रयोग होता था परन्तु अब इस प्लांट की क्षमता को 75 से 80 प्रतिशत तक किया जायेगा, जिससे राज्य में बिजली पैदावार में विस्तार होगा.उन्होंने कहा कि इससे बिजली खरीद समझौतों में से 33 प्रतिशत (प्राइवेट थर्मल प्लांटों के साथ हुए तीन समझौतों में एक) की कटौती हो जायेगी. भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहली जनवरी 2018 को बठिंडा और रोपड़ के सरकारी पॉवर प्लांट पक्के तौर पर बंद कर दिए गए थे परन्तु आज जनहितैषी सरकार ने राज्य में बिजली सप्लाई बढ़ाने के लिए प्राईवेट पावर प्लांट खरीदा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पछवाड़ा कोयला खदान का कोयला सिर्फ़ सरकारी बिजली प्लांटों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इस कारण अब इस प्लांट की ख़रीद से यह कोयला यहां बिजली उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा, जिससे राज्य के हरेक क्षेत्र को बिजली मुहैया होगी.