नेशनल न्यूज़ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनी तो राज्य में महिलाओं को सामाजिक पेंशन, रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कमी तथा मुफ्त बस यात्रा जैसे कदमों के तहत हर महीने 4,000 रुपये तक का लाभ हो सकता है।
कालेश्वरम परियोजना के मेदिगड्डा (लक्ष्मी) बैराज के पास अंबातिपल्ली गांव में महिलाओं की एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कदम के तौर पर महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2500 रुपये सामाजिक पेंशन के तौर पर जमा किये जायेंगे। साथ ही 1,500 रुपये की बचत भी होगी क्योंकि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो एलपीजी सिलेंडर 500 रुपये में दिया जाएगा और महिलाएं सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर पाएंगी जिससे उनके करीब 1000 रुपये बचेंगे। वर्तमान में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1,000 रुपये है। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘इन सब से आपको हर महीने 4,000 रुपये का फायदा होगा।
इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना में मुख्यमंत्री केसीआर की लूट से सबसे ज्यादा प्रभावित महिलाएं हुईं हैं इसलिए कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि राज्य में सत्ता में आने के बाद जितना पैसा मुख्यमंत्री चन्द्रशेखर राव ने तेलंगाना की जनता से लूटे हैं वह सब पैसा महिलाओं के बैंक खातों में डाला जाएगा।