पंजाब : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज भाखड़ा डैम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा राहत की बात है कि डैमों में पानी का स्तर खतरे के निशान से नीचे है और राज्य सरकार स्थिति पर निरंतर पूरी नज़र रख रही है और हालात पूरी तरह काबू में हैं। बरसात के मद्देनज़र स्थिति का जायज़ा लेने के लिए यहां पहुंचे मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार, ज़िला प्रशासन और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों के साथ विस्तृत बातचीत की। भगवंत मान ने आगे बताया कि भाखड़ा डैम के खतरे का निशान 1680 फीट है जबकि 23 जुलाई को डैम में पानी का स्तर 1653 फीट था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि पानी का स्तर खतरे के निशान से नीचे है। उन्होंने अधिकारियों को पानी के स्तर के बारे में बाकायदा लोगों को जानकारी देने के लिए कहा जिससे कोई गलतफहमी पैदा न हो। उन्होंने कहा कि यह राहत वाली बात है कि मौसम विभाग की तरफ से आने वाले दिनों में बारिश न पड़ने की भविष्यवाणी की गई है जिससे पानी का स्तर और घटेगा। भगवंत मान ने लोगों से अपील की कि अधिकारियों की ओर से पुष्टि किए बिना डैमों के फ्लड गेट खोलने या बाढ़ संबंधी अफवाहों पर बिल्कुल भी विश्वास न किया जाए। मुख्यमंत्री ने मीडिया से भी अपील की कि वह बाढ़ के बारे में फर्ज़ी खबरें चला कर दहशत पैदा करने की जगह रचनात्मक भूमिका निभाएं।