वर्ल्ड न्यूज़ : नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. रसुवा जिले में आई बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आया एक बैंक लॉकर जब धाडिंग जिले के बेलखुखोला पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित जगह पहुंचाने के बजाय तोड़ दिया और उसमें रखी भारी नकदी आपस में बांट ली. सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और आर्म्ड पुलिस फोर्स ने तुरंत संयुक्त अभियान चलाया. पुलिस ने मौके से और आसपास के इलाकों से 29 लोगों को हिरासत में लिया है. तलाशी के दौरान इन आरोपियों के पास से 92 लाख नेपाली रुपये (करीब 58 लाख रुपये) से अधिक की नकदी बरामद की गई है.
वहीँ नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मची भारी तबाही के बाद देश के प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में लोग दिल खोलकर दान भी कर रहे हैं और गत तीन दिन में 2.295 अरब रुपये से अधिक का दान मिला है. नेपाल में गत बुधवार को आई अचानक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है. इस बाढ़ ने कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जिससे घर, गाड़ियां, सड़कें और पुल बह गए तथा पनबिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा एवं अब भी करीब 2,400 लोग लापता हैं.













