जालंधर : जालंधर के मॉडल टाउन में एक इनोवा पहले किया कार से टकराई और इसके बाद अनियंत्रित होकर बीकानेर स्वीट्स की दुकान में जा घुसी। बेकाबू इनोवा ने दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी को भी टक्कर मार दी और सीढ़ियों की रेलिंग से टकराने के बाद रुकी।
हादसे में बीकानेर स्वीट्स के मालिक अक्खी सिंह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय अक्खी सिंह दुकान की बेसमेंट से बाहर आए थे और बाहर खड़े थे। अचानक अपनी ओर आती गाड़ी देखकर उन्होंने दौड़कर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन गिरने के कारण घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों कारों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अक्खी सिंह के बेटे पंकज के मुताबिक, दुकान पर दूध उतरवाया जा रहा था। इसी दौरान इनोवा और किया कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद इनोवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी दुकान की तरफ चली गई। इनोवा ने उनके पिता को टक्कर मारी, फिर स्कूटी को नुकसान पहुंचाते हुए सीढ़ियों की रेलिंग से जा टकराई।
मिली जानकारी अनुसार इनोवा का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष लक्की रंधावा करते हैं। बताया गया है कि हादसे के समय लक्की रंधावा खुद गाड़ी में मौजूद नहीं थे और इनोवा ड्राइवर चला रहा था। इनोवा पर “ गवर्नमेंट ऑफ़ पंजाब” लिखा हुआ था और आगे इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की काली झंडी लगी थी। हादसे के बाद यह झंडी उतार दिए जाने का आरोप लगाया गया है। परिवार का यह भी दावा है कि गाड़ी के अंदर ड्राइवर की वर्दी मिली।
हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ और गलती किस चालक की थी, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।














