नेशनल न्यूज़ : नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती बाइक पर एक युवक और युवती के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस 5 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक बाइक चला रहा है, जबकि युवती बाइक के पेट्रोल टैंक पर उल्टी दिशा में बैठी है। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा है, जबकि युवती के हाथ में हेलमेट दिख रहा है। वहीं इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने युवक और युवती के खिलाफ सख्त कदम उठाए है।
बता दें कि बाइक दिल्ली में रजिस्टर्ड है, लेकिन स्टंट नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर किया गया। इस रूट पर अक्सर तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग के मामले सामने आते हैं, लेकिन इस बार युवती के बैठने का तरीका और सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का स्टंट लोगों को चौंका गया।
नोएडा: चलती बाइक पर इश्क फरमाते कपल का वीडियो हुआ वायरल, ट्रैफिक पुलिस ने काटा ₹53,500 का चालान। pic.twitter.com/9qSjXaeDcP
— Greater Noida West (@GreaterNoidaW) June 16, 2025
दरअसल, यह घटना सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की है और इसका टाइमिंग दोपहर करीब 1:46 बजे का बताया गया है। यह सब एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, एक यूजर ने उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टैग कर दिया। इसके बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी अनुसार नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने युवक और युवती के खिलाफ ₹53,500 का चालान काटा। पुलिस ने जिन नियमों के उल्लंघन के आधार पर चालान किया, उनमें शामिल हैं बिना हेलमेट वाहन चलाना। खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना और वैध सरकारी निर्देशों की अवहेलना करना है। वहीं इस पूरे मामले पर डीसीपी लखन सिंह यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यह महज मस्ती नहीं, बल्कि सड़क पर दूसरों की जान को जोखिम में डालने जैसा गैरजिम्मेदाराना व्यवहार है।














