पंजाब : पंजाब में बसों के पहिए फिर से थम सकते है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। अगर कोई भी छह जनवरी से अगले तीन दिन तक बसों से यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं वो अपनी योजना को स्थगित कर दें। क्योंकि पीआरटीसी और पनबस यूनियन ने छह जनवरी से चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। इससे पहले 30 दिसंबर को भी पंजाब में वाहनों की आवाजाही थम गई थी। पंजाब बंद के चलते सरकारी, निजी और तमाम तरह की यातायात सेवा प्रभावित हुई थी। ऐसी स्थिति एकबार फिर से बन सकती है।
लंबे समय से सरकार से अपनी मांगों को मनवाने के लिए संघर्ष कर रहे पीआरटीसी और पनबस यूनियन ने आप सरकार से आर-पार की लड़ाई करने का मन बना लिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि मौजूदा समय की सरकार से वह अपनी मांगों को मनवाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर वापिस भेज दिया जाता है। इस बार पूरे सूबे में ही सरकारी बस सेवा 3 दिन के लिए बंद रखी जाएगी। इस संघर्ष के लिए वह पिछले महीने से ही राज्य भर के मंत्रियों को ज्ञापन दे चुके हैं। लेकिन सरकार ने उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया।











