ब्रिटेन : बड़ी खबर है कि भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने महज 42 साल की उम्र में ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रच दिया है. वहीँ उनके प्रधानमंत्री बनते ही भारत में भी लोग जश्न मनाने की बात करने लगे. मंगलवार को सुनक बकिंघम पैलेस पहुंचे, किंग चार्ल्स से मुलाकात की। किंग ने उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर सौंपा और नई सरकार बनाने को कहा।
बकिंघम पैलेस से ऋषि प्राइम मिनिस्टर की ऑफिशियल कार से ऑफिशियल रेसिडेंस 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचे। यहां बतौर प्रधानमंत्री देश के नाम पहला संबोधन दिया। कहा- देश इस वक्त मुश्किल में है। पूर्व PM लिज ट्रस से कुछ गलतियां हुई हैं। अब हम इन्हें सुधारेंगे।
देर रात सुनक कैबिनेट की तस्वीर साफ होना शुरू हो गई। बोरिस जॉनसन सरकार में मंत्री रहे डॉमिनिक रॉब को उप प्रधानमंत्री और कानून मंत्री बनाया। लिज ट्रस सरकार में फाइनेंस मिनिस्टर रहे जेरेमी हंट को उसी पद पर बरकरार रखा।
बेन वॉलेस डिफेंस मिनिस्टर बने रहेंगे। जेम्स क्लेवरली से भारत का ताल्लुक ज्यादा रहेगा। जॉनसन के समर्थक जेम्स को फॉरेन मिनिस्टर बनाया गया है।