लुधियाना : पूर्व राजस्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया की ओर से दायर मानहानि मामले में आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के खिलाफ अदालत ने गिरफ्तारी वांरट जारी किया है। राज्यसभा सदस्य के बार-बार अदालत में पेश न होने की वजह से कड़ा नोटिस लेते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरसिमरनजीत सिंह की अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है।
वहीँ विक्रमजीत मजीठिया की ओर से गवाह पूर्व अकाली मंत्री महेशिंदर सिंह ग्रेवाल जिरह के लिए अदालत में मौजूद थे। सूत्रों की जानकारी अनुसार उनके अलावा एक समाचार पत्र का अधिकारी भी उपस्थित था। और उसे संजय सिंह के वकील ने बतौर गवाह समाचार पत्र के साथ बुलाया था। वहीँ अब अदालत में मामले की अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी।
जिक्रयोग है कि संजय सिंह को इस मामले में फरवरी, 2016 में तलब किया गया था। विक्रमजीत मजीठिया ने अपनी आपराधिक शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपित ने झूठा और मानहानि वाला बयान दिया था कि राज्य में ड्रग रैकेट में उसका हाथ है। इसके आलावा शिकायतकर्ता ने कहा कि संजय सिंह ने बिना किसी आधार या सामग्री के उनके खिलाफ निंदनीय, अपमानजनक बयान दिया था।