जालंधर : जालंधर म्युनिसिपल कारपोरेशन के रेडक्रॉस भवन में हुए जनरल हाउस में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। यहाँ हाउस शुरू होते ही BJP पार्षदों ने मेयर को घेर लिया। उन्होंने मेयर की सीट तक पहुंच कर स्मार्ट सिटी सहित सभी प्रोजेक्टों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर मेयर मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। माहौल बिगड़ता देख दूसरी तरफ कांग्रेसी पार्षदों ने हाउस के भीतर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। वहीँ कोंग्रेसी पार्षदों ने किसान आंदोलन के मुद्दे पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया। इस सब के चलते हाउस में जमकर हंगामा हुआ । कांग्रेस व भाजपा के पार्षद आमने-सामने हो गए।
हाउस में कांग्रेसी पार्षदों ने मेयर जगदीश राजा के सामने विज्ञापन घोटाले का मुद्दा उठाया , उन्होंने कहा अफसरशाही मनमानी कर रही है। शहर में लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। इस बीच निगम हाउस में शहर में कानून व्यवस्था का भी मुद्दा गूंजा। सोढ़ल रोड स्थित मथुरा नगर में जैन करियाना स्टोर के मालिक सचिन जैन की हत्या को लेकर भी पार्षदों ने मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में अमन-कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो चुकी है, और यहाँ गुंडाराज चल रहा है।