Skip to content

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 30 सितंबर को जालंधर में होगी नशा मुक्ति महारैली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 30 सितंबर को जालंधर में होगी नशा मुक्ति महारैली
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

जालंधर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 30 सितंबर को जालंधर के परागपुर में होने वाली नशा मुक्ति महारैली को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। परागपुर में जीटी रोड पर लिली रिजॉर्ट के पास करीब 63 एकड़ क्षेत्र में होने वाली इस विशाल रैली को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं जिनको फाइनल तैयार कर दिया गया। रैली में पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। चार अलग-अलग दिशाओं से निकाली गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ का समापन भी इसी महारैली में होगा। आयोजकों के मुताबिक रैली को अब तक की बड़ी सभाओं में शामिल करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सबसे कड़ी रखी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह करीब दोपहर सवा एक बजे हेलीकॉप्टर से रैली स्थल के पास बनाए गए विशेष हेलिपैड पर उतरेंगे। हेलिपैड पंडाल के नजदीक ही तैयार किया गया है। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद वह सीधे रैली स्थल पर पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे। संबोधन के बाद उनके सड़क मार्ग से जाने के बजाय हेलीकॉप्टर से सीधे दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।

रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और भाजपा पंजाब प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया ने रैली स्थल का दौरा किया। इस दौरान सिविल और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और लोगों की सुविधा से जुड़े प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 30 सितंबर की महारैली को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के बजाय पंजाब को नशों के खिलाफ जागरूक करने वाली बड़ी मुहिम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।