Saturday, 21 November 2026
Punjab
खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए
पंजाब : खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए । तीन घंटे की पैरोल पर आए अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी के अंतिम दर्शन किए। लंबे समय बाद परिवार के बीच पहुंचे अमृतपाल सिंह दादी को आखिरी बार देखकर भावुक हो गए। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से चरण कौर को अंतिम विदाई दी।
इस दाैरान उनके समर्थकों का हजूम उमड़ पड़ा। अमृतपाल ने हाथ जोड़कर सबका अभिवादन किया। इस दाैरान सुरक्षा का कड़ा घेरा रहा। सांसद को दोपहर तीन बजे तक की पैरोल मिली थी।अंतिम संस्कार के तुरंत बाद पुलिस अमृतपाल को लेकर गाड़ी में बैठाकर रवाना हो गई।
अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब लाया गया था। शनिवार सुबह उनकी फ्लाइट श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया, जहां दादी के अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई थीं। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने शामिल होकर चरण कौर को श्रद्धांजलि दी।