ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 03 December 2024

गले में तख्ती... हाथ में बरछा पकड़कर सुखबीर बादल ने स्वर्ण मंदिर में की सेवा

गले में तख्ती... हाथ में बरछा पकड़कर सुखबीर बादल ने स्वर्ण मंदिर में की सेवा

अमृतसर : शिरोमणि अकाली दल के पूर्व अध्यक्ष सुखबीर बादल और वरिष्ठ अकाली नेता सुखदेव सिंह ढींडसा ने मंगलवार को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा सेवा के रूप में निभाई। दोनों सुबह 9 से 10 बजे तक एक घंटे के लिए श्री हरिमंदिर साहिब के गेट पर सेवादार का चोला पहन व भाला लेकर सेवा करने पहुंचे।

सुखबीर बादल ने व्हीलचेयर पर बैठकर सेवा निभाई। इसी गेट के दूसरी ओर पूर्व अकाली मंत्री व पूर्व सांसद सुखदेव सिंह ढींडसा ने सेवा की। इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल और सुखदेव सिंह ढींडसा ने अपने गले में श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से लिखी गुरबाणी की पंक्तियों वाली तख्ती भी लटकाई हुई थी। सेवा के दौरान दोनों ने चुप्पी बनाए रखी। सुखबीर के आसपास एसजीपीसी के अलग-अलग पदाधिकारियों व सदस्यों का जमावड़ा लगा रहा। सुखबीर मुंह में जाप करते दिखाए दिए। एक घंटा सेवा करने के बाद सुखबीर ने लंगर हाॅल में बर्तन साफ करने की सेवा निभाई। वह तय समय के अनुसार कीर्तन सुनने भी गए।

इसी तरह बीबी जगीर कौर, प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बिक्रम मजीठिया, सुरजीत सिंह रखड़ा, डाॅ. दलजीत सिंह चीमा, गुलजार सिंह रणिके, सोहन सिंह ठंडल, शरणजीत ढिल्लों, बलविंदर सिंह भूंदड़, महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल, जुनेजा सिंह सेखों आदि ने बाद दोपहर 12 बजे से लेकर एक बजे तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालयों में जाकर भी साफ सफाई की।