ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 22 February 2026

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 10 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया ग्लोबल टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 10 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया ग्लोबल टैरिफ

इंटरनेशनल न्यूज़ : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए दुनिया के सभी देशों से आने वाले सामान पर लगाए गए वैश्विक टैरिफ को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की घोषणा की है। उन्होंने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की। ट्रंप ने कहा कि यह बढ़ोतरी तुरंत प्रभाव से लागू की जा रही है और यह कदम उन देशों के खिलाफ है, जो लंबे समय से अमेरिका के साथ व्यापार में अनुचित लाभ उठा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला पूरी तरह कानूनी जांच-परख के बाद लिया गया है।

यह घोषणा ऐसे समय पर की गई है, जब एक दिन पहले ही अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति द्वारा लगाए गए ‘आपातकालीन टैरिफ’ को असंवैधानिक करार दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने अपने 6-3 के बहुमत फैसले में कहा कि राष्ट्रपति ने ‘इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट’ के तहत टैरिफ लगाकर अपने अधिकारों का अतिक्रमण किया है।

ट्रंप ने कहा है कि आने वाले कुछ महीनों में वो और नए-नए टैक्स तय करेंगे, जो कानूनी होंगे। उनका मकसद अमेरिका को और भी मजबूत और महान बनाना है – पहले से कहीं ज्यादा!''

ट्रंप ने यह फैसला ट्रेड एक्ट ऑफ 1974 के सेक्शन 122 के तहत लिया है, जो राष्ट्रपति को भुगतान घाटे की स्थिति में 150 दिनों तक अधिकतम 15 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की अनुमति देता है। इससे पहले ट्रंप ने शुक्रवार को ही 10 प्रतिशत का अस्थायी वैश्विक टैरिफ लागू किया था। अब 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी से यह टैरिफ अधिकतम सीमा पर पहुंच गया है।