ePaper Reading mode

ePaper

Friday, 13 February 2026

कपूरथला में शादी से दो दिन पहले युवक ने लगाई फांसी , घर में छाया मातम

कपूरथला में शादी से दो दिन पहले युवक ने लगाई फांसी , घर में छाया मातम

कपूरथला : पंजाब के कपूरथला से दुखद खबर सामने आई है। खबर मिली है कि एक युवा कारोबारी द्वारा अपने घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या की गई है। बताया जा रहा है कि युवा कारोबारी की दो दिन बाद शादी होने वाली थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस दुखद घटना के बाद मातम छा गया है।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, मृतक के परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया है।

मृतक युवक की पहचान करण कुमार (29 वर्ष) पुत्र रमेश कुमार (निवासी- शिव कॉलोनी) के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, करण कुमार कपूरथला की जोली मार्केट में मनियारी (महिलाओं के श्रृंगार, सौंदर्य प्रसाधन और आभूषणों की बिक्री) का कारोबार करता था।

जानकारी के मुताबिक, करण अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी शादी जालंधर की एक लड़की से तय हुई थी। इस घटना के समय घर में शादी का शगुन प्रोग्राम चल रहा था। शुक्रवार की दोपहर वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर गया, जहां उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत करण को फंदे से उतारकर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।