ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 11 January 2026

पंजाब में दुखद घटना : ठंड से बचने के लिए कमरे में लगाई अंगीठी ने 3 सदस्यों की जान ली

पंजाब में दुखद घटना : ठंड से बचने के लिए कमरे में लगाई अंगीठी ने 3 सदस्यों की जान ली

पंजाब : पंजाब में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए लोग कई तरह के उपाय अपना रहे हैं, लेकिन कई बार यही उपाय जानलेवा भी साबित हो जाते हैं। तरनतारन जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां अंगीठी जलाकर सोना एक परिवार के लिए मौत का कारण बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार तरनतारन के गांव अलीपुर में एक परिवार ने ठंड से बचने के लिए कमरे में कोयलों की अंगीठी जलाई और रात को सो गया। बंद कमरे में अंगीठी से निकली जहरीली गैस धीरे-धीरे फैलती रही, जिसकी वजह से सभी लोग बेहोश हो गए।

सुबह जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर अंदर का मंजर देख सभी सन्न रह गए। पति-पत्नी और उनका दो महीने का मासूम बच्चा मृत अवस्था में पाए गए, जबकि एक अन्य युवक गंभीर हालत में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बंद कमरों में अंगीठी या कोयले का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस जानलेवा हो सकती है।

ठंड में बरतें सावधानी

विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड से बचने के लिए हीटर या अंगीठी का इस्तेमाल करते समय कमरे में वेंटिलेशन जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।