Wednesday, 21 August 2024
Jalandhar
जालंधर में कई इलाकों में दिखा भारत बंद का असर, सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी
जालंधर 21/8 /2024 : अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) के आरक्षण में क्रीमी लेयर पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के विरोध में दलित और बहुजन संगठनों द्वारा बुधवार 21 अगस्त को भारत बंद का आह्वान किया गया था । जिसके चलते जालंधर में कई इलाकों में भारत बंद का असर देखने को मिला। हालांकि, बंद को देखते हुए एहतियात के तौर पर पंजाब के कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां घोषित कर दी गई थी।
भारत बंद के आह्वान को बसपा ने पूरा समर्थन दिया। बसपा नेता जालंधर के प्रसिद्ध पठानकोट बाईपास चौक पर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। इसी के साथ बूटा मंडी, रविदास चौक में बसपा द्वारा शान्तिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। रविदास चौक से भारी संख्या में लोग प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतरे। नेताओं की सभा से पहले भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
बसपा नेताओं ने कहा सुप्रीम कोर्ट का फैसला पूरी तरह से गलत है, जिसे हर हाल में वापस लिया जाना चाहिए। अगर यह फैसला वापस न लिया गया तो संघर्ष तेज किया जाएगा। प्राप्त जानकारी अनुसार भारत बंद का पंजाब और हरियाणा में कोई खास असर नहीं दिखाई दिया, हालांकि कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए. दुकानें सामान्य रूप से खुली रही , सड़क यातायात भी सामान्य रूप से चला। व्यापारिक इकाइयां, बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे।