Wednesday, 11 November 2026
National
दूध हुआ महंगा : अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, जाने नई कीमते
नई दिल्ली : देश की प्रमुख डेयरी कंपनी ‘अमूल’ ने ताजा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने बताया कि 12 नवंबर 2026 से देशभर में अमूल के प्रमुख दूध उत्पादों की कीमतों में लगभग 4 से 5 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी।
फेडरेशन के अनुसार, सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (3 प्रतिशत फैट) की कीमत में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो लगभग 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं अमूल गोल्ड दूध (6 प्रतिशत फैट) के दाम 4 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं, जो करीब 5.5 प्रतिशत की वृद्धि है। अमूल ने कहा कि दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
कंपनी के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले तेल खली (ऑयल केक), मक्का, शीरा (मोलासेस), दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
फेडरेशन के अनुसार, अमूल से जुड़े सदस्य दुग्ध संघों ने पिछले एक साल में किसानों को दिए जाने वाले दूध खरीद मूल्य में 4 से 5 प्रतिशत की वृद्धि की है। ताजा मूल्य संशोधन से किसानों को और बेहतर भुगतान मिल सकेगा। अमूल ने कहा कि सहकारी ढांचे के तहत उपभोक्ताओं से प्राप्त कुल राजस्व का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा उसके 36 लाख दुग्ध उत्पादक किसानों को वापस दिया जाता है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि दूध की बिक्री कीमत में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा सीधे किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उन्हें अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।