Saturday, 20 September 2025
National
हैरान करने वाला मामला : मां को जहरीले सांप ने काटा, लेकिन महिला के बच्चे की हुई मौत
मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खेत पर काम कर रही महिला को सांप ने डस लिया। परिजनों का दावा है कि सांप के डसने के करीब 15-20 मिनट बाद महिला ने अपने 10 माह के बच्चे को स्तनपान कराया, जिसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्राम जैनी निवासी धर्मेंद्र मीणा ने बताया कि कराहल गांव का रहने वाला रामअवतार और उसकी पत्नी कमलेश खेत पर काम करते थे। काम के दौरान महिला को सांप ने काट लिया। परिजन महिला को झाड़फूंक के लिए तेजाजी महाराज के पास ले गए, जहां झाड़ा देने के बाद महिला की हालत ठीक हो गई। इसके बाद जब उनके बच्चे की हालत बिगड़ी, तो महिला ने बताया कि उसने सांप के काटने के बाद बच्चे को दूध पिलाया था। बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने बच्चे के शरीर में जहर पाए जाने की पुष्टि की है।