Tuesday, 10 November 2026
Punjab
पंजाब में धुंध का कहर : एक के बाद एक चार गाड़ियां हुई दुर्घटना का शिकार
पंजाब : पंजाब में सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही सुबह के समय सड़कों पर सफर करना जोखिम भरा होने लगा है। मंगलवार को कम विजिबिलिटी होने से मोगा में बड़ा सड़क हादसा हो गया । मोगा में एक के बाद एक चार गाड़ियां दुर्घटना का शिकार हो गईं।
मोगा जिले में बाघापुराना से बठिंडा की ओर जाने वाले भारतमाला मार्ग पर सुबह करीब 8:30 बजे वाहनों की भिड़ंत हुई। बताया जा रहा है कि आगे चल रही स्विफ्ट कार को पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। इस भिड़ंत के बाद स्कॉर्पियो सड़क से अपना संतुलन खो बैठी और डिवाइडर पर चढ़ गई। इसी दौरान पीछे से आ रही क्रेटा और अर्टिगा भी हादसे की चपेट में आ गईं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से सड़क पर अफरा-तफरी फैल गई। कई वाहनों को नुकसान पहुंचा और उनमें बैठे लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद कुछ वाहनों के दरवाजे नहीं खुल पाए। अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने लोहे की रॉड से कारों के शीशे तोड़े। इस दौरान बुजुर्ग दंपति, पांच युवक और तीन साल का बच्चा घायल हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस, सड़क सुरक्षा बल और NHAI की एंबुलेंस पहुंची। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाने के बाद लगभग एक घंटे में रास्ता दोबारा खोल दिया गया।