ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 16 April 2026

जालंधर में टूर एंड ट्रैवल्स शॉप में नकाबपोश बदमाशों ने की बड़ी लूट

जालंधर में टूर एंड ट्रैवल्स शॉप में नकाबपोश बदमाशों ने की बड़ी लूट

जालंधर : जालंधर में थाना-2 क्षेत्र के हरनामदासपुरा में स्थित वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रैवल्स की दुकान में नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीन आरोपियों ने मिलकर दुकान से करीब 1.08 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना का पूरा CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदीप के रूप में की है, जो पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

सीसीटीवी वीडियो में देखा गया कि दुकान के अंदर एक युवती अकेली बैठी हुई थी और फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की शर्ट पहने नकाबपोश व्यक्ति दुकान में प्रवेश करता है और टिकट के बारे में पूछताछ करने लगता है। कुछ ही देर बाद एक अन्य आरोपी चेक शर्ट और मास्क पहनकर अंदर आता है और बाहर की ओर नजर रखता है, जबकि तीसरा साथी एक्टिवा पर बाहर मौजूद था।

फुटेज के अनुसार, तीनों आरोपी पहले से ही इलाके की रेकी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे वारदात से कुछ घंटे पहले भी दुकान में आए थे और स्थिति का जायजा लिया था।जैसे ही उन्हें मौका मिला, एक आरोपी ने काउंटर के पीछे जाकर लड़की को पीछे से दबोच लिया और दूसरे आरोपी के इशारे पर तिजोरी से नकदी निकाल ली। इसके बाद तीनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ACP अजय सिंह के अनुसार, यह वारदात शाम करीब 6:22 बजे सामने आई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।