Saturday, 07 May 2022
Jalandhar
जालंधर में बड़ा रेल हादसा टला, रेल लाइन की फिश प्लेट खोल रहे नशेड़ी लोगों को देख भागे
[metaslider id=711]
जालंधर : बड़ी खबर मिली है कि महानगर के सिटी रेलवे स्टेशन से जम्मू की तरफ जा रही रेलवे लाइन के ऊपर स्थित सूर्या एनक्लेव अंडरब्रिज के नजदीक शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मिली जानकारी अनुसार दोपहर लगभग 12 बजे के करीब लोगों ने चार नशेड़ियों को रेलवे लाइन के फिश प्लेट खोलते हुए देख लिया। वहीँ मौके पर पहुंचे राजीव धमीजा एवं अन्य लोगों को देखकर नशेड़ी भाग गए। लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो फिश प्लेट के नट खुले हुए पाए गए।
वहीँ राजीव धमीजा ने कहा कि अंडर ब्रिज बन जाने के बाद यहां पर बनी रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दी गई थी और रेलवे कर्मचारियों के लिए बनाया गया कमरा भी खाली ही पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया तभी से लेकर इस इलाके में नशेड़ी घूम रहे हैं और रेलवे के कमरे में ही बैठकर नशा करते हैं। कमरे में नशा करने वाली सरिंज भी पड़ी हुई देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे में पुलिस को सूचित कर दिया गया था।
इसके अलावा उन्होंने मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि खाली पड़े कमरे को तत्काल गिराया जाए, ताकि नशेड़ी यहां न बैठ सकें। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के आस-पास बैठकर नशा करने वाले नशेड़ी सूर्या एंक्लेव के पार्कों की ग्रिल भी खोल कर ले जा चुके हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
[metaslider id=9199]