ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 12 August 2026

जालंधर में बड़ी वारदात : पत्नी और पिता का मर्डर कर आरोपी फरार

जालंधर में बड़ी वारदात : पत्नी और पिता का मर्डर कर आरोपी फरार

जालंधर : जालंधर में अवतार नगर की गली नंबर सात में बुधवार दोहरी हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। 45 वर्षीय हीरा लाल पर अपनी पत्नी और पिता की हत्या करने का आरोप है। मृतकों की पहचान अयोध्या प्रकाश और सविता के रूप में हुई है। दोनों के सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरी चोटों के निशान मिले हैं।

बताया जा रहा है कि सुबह बच्चे स्कूल चले गए थे। इसके बाद घर में किसी बात को लेकर हीरा लाल का पत्नी और पिता के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में उसने घर में पड़े सामान से दोनों पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोटें लगने से काफी खून बह गया और दोनों की मौत हो गई।

हीरा लाल के चार बच्चे हैं। दोपहर करीब दो बजे जब बच्चे स्कूल से घर लौटे तो उन्हें घटना का पता चला। घर में मां और दादा के शव देखकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।घटना के बाद से आरोपित हीरा लाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

30 साल से जालंधर में रह रहा परिवार बताया जा रहा है कि यह परिवार करीब 30 वर्षों से जालंधर में रह रहा है। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला है। आरोपी की मां मकान की ऊपरी मंजिल पर रहती हैं। वह चलने में असमर्थ हैं। जानकारी के अनुसार घटना के दौरान आरोपित ने अपनी मां को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश के साथ हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस घर में हुए विवाद और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।