ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 11 March 2025

अमेरिका जाने की चाह में गंवा दिए 1.8 करोड़, ट्रैवल एजेंट ने अमेरिका के बजाय भेज दिया इंडोनेशिया

अमेरिका जाने की चाह में गंवा दिए 1.8 करोड़, ट्रैवल एजेंट ने अमेरिका के बजाय भेज दिया इंडोनेशिया

पंजाब : पंजाब के लोगों का अमेरिका जाने का मोह भंग नहीं हो रहा है। भले ही अमेरिका की ट्रंप सरकार अवैध भारतीयों को डिपोर्ट कर वापस भेज रही है। बावजूद इसके पंजाब के लोग अभी भी फर्जी ट्रैवल एजेंटों के बहकावे में आकर अपनी जीवन भर की जमा पूंजी गंवा रहे हैं।

ऐसा ही एक मामला लुधियाना के हलवारा से सामने आया है। हलवारा के गांव बाघियां निवासी ठग ट्रैवल एजेंट कंपनी के तीन लोगों ने गांव बाघियां खुर्द के जगरूप सिंह और उनकी पत्नी पूजा रानी को अमेरिका भेजने और यूएस की पीआर का झांसा देकर एक करोड़ 8 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित जगरूप के पिता बलवंत सिंह ने ट्रैवल एजेंट परमिंदर सिंह और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है।

आरोप है कि आरोपी ट्रैवल एजेंटों ने 1.8 करोड़ रुपये लेकर पीड़ित दंपती को अमरिका का फर्जी वीजा लगाया था। इस वजह से दोनों पति-पत्नी ने यूएस जाने के लिए कई मुल्कों के चक्कर काटे और थक हार कर वापस गांव लौट आए। गांव वापस आने के बाद जब जगरूप के पिता बलवंत सिंह ने ट्रैवल एजेंट से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ट्रैवल एजेंट परमिंदर सिंह ने उन्हें झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दे डाली।

पीड़ित जगरूप सिंह के पिता बलवंत सिंह ने 20 फरवरी को जिला लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी अंकुर गुप्ता को लिखित शिकायत की। जांच के बाद 172 पन्नों की जांच रिपोर्ट और पेन ड्राइव में मौजूद सबूतों के आधार पर ठग ट्रैवल एजेंट परमिंदर सिंह और उसके दो अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ थाना सिधवां बेट में केस दर्ज किया गया है।

बलवंत सिंह ने बताया कि 23 मार्च 2024 को आरोपी बेटे और बहु को इंडोनेशिया ले गए, वहां दो महीने रखने के बाद मलेशिया पहुंचा दिया। 10 दिन मलेशिया और उसके बाद 4 दिन सिंगापुर होटल में रखा। सिंगापुर से वापस मलेशिया के रास्ते वापस इंडोनेशिया ले आए। इस दौरान साढ़े तीन महीने अलग-अलग देशों में रहने खाने पर उनके लाखों रुपये अलग से खर्च करवा दिए।