ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 13 August 2026

पंजाब के पूर्व डिप्‍टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में जानलेवा हमला

पंजाब के पूर्व डिप्‍टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में जानलेवा हमला

पंजाब : शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से हमला किया गया। घटना ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे। हमले के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने के लिए अपनी गाड़ी से उतर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सुखबीर बादल के साथ तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल स्थिति संभाली और हमलावर को काबू कर लिया। इसके बाद सुखबीर बादल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।

हमले के पीछे क्या कारण था और आरोपी की पहचान क्या है, इसे लेकर फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। पुलिस घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमलावर किस उद्देश्य से वहां पहुंचा था और उसने सुखबीर बादल को निशाना क्यों बनाया।

2024 में अमृतसर में भी हुआ था हमला सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के बाहर भी जानलेवा हमला किया गया था। उस समय वह अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवादार की सेवा कर रहे थे।

वह व्हीलचेयर पर बैठकर हाथ में बरछी लेकर पहरेदारी कर रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौरा नामक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, वह इस हमले में बाल-बाल बच गए थे और मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था।