ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 02 August 2026

जालंधर में अब ट्रैफिक लाइट खुद तय करेगी सिगनल्स की टाइमिंग , 42 चौक होंगे स्मार्ट

जालंधर में अब ट्रैफिक लाइट खुद तय करेगी सिगनल्स की टाइमिंग , 42 चौक होंगे स्मार्ट

जालंधर : जालंधर में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के प्रमुख चौकों पर वाहन चालकों को ट्रैफिक के मुताबिक सिग्नल मिलने की सुविधा उपलब्ध होगी। नगर निगम की ओर से पूरे शहर में एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इस हाईटेक सिस्टम की शुरुआत शहर के सबसे व्यस्त प्रभु श्रीराम चौक से की गई है, जहां नए स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम शुरू हो चुका है।

करीब 12 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजैक्ट के तहत शहर के 42 प्रमुख चौकों को एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इस सिस्टम के लागू होने के बाद ट्रैफिक सिग्नल अपनी टाइमिंग खुद तय करेंगे। चौक के चारों तरफ लगे कैमरे और सेंसर वहां मौजूद ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखेंगे और जिस दिशा में वाहनों की संख्या ज्यादा होगी, उस तरफ ग्रीन सिग्नल का समय अपने आप बढ़ जाएगा। वहीं जिस सड़क पर वाहनों की संख्या कम होगी, वहां ग्रीन लाइट का समय कम कर दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि इस प्रोजैक्ट का काम करीब 2 से 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। एडैप्टिव सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि ट्रैफिक कम होने के बावजूद वाहन चालकों को लंबे समय तक रेड लाइट पर खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। इससे चौकों पर लगने वाली वाहनों की लंबी कतारें कम होंगी और लोगों का समय भी बचेगा। इसके साथ ही वाहनों के लंबे समय तक स्टार्ट रहने से होने वाले ईंधन खर्च और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।