ePaper Reading mode

ePaper

Friday, 17 April 2026

जालंधर में HDFC Bank के ATM पर महिला के खाते से ठगी

जालंधर में HDFC Bank के ATM पर महिला के खाते से ठगी

जालंधर : जालंधर से ठगी का मामला सामने आया है जिसने आम लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां ठगों ने तकनीकी छेड़छाड़ और चालाकी से पीड़ित महिला के खाते से कुछ ही मिनटों में कई बार पैसे निकाल लिए। ये मामला जालंधर के रामा मंडी इलाके में HDFC Bank के ATM पर ठगी का है।

घटना उस वक्त हुई जब महिला अपने परिजनों के साथ ATM से नकदी निकालने पहुंची। जैसे ही उन्होंने कार्ड मशीन में डाला, न तो पैसे निकले और न ही कार्ड वापस आया। इसी दौरान मशीन पर चिपके एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर ने उन्हें भ्रमित कर दिया। मिली जानकारी अनुसार पीड़ित परिवार बड़ी मेहनत कर टिफिन का काम करता है और उनकी मेहनत की कमाई ठगों ने पल भर में ठग ली इस घटना के बाद परिवार के आंसू निकल पड़े उन्होंने प्रशासन से चोरों को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है। ठगों ने 40 हज़ार की ठगी की है। 

मौके पर पहले से मौजूद कुछ युवकों ने खुद को मददगार बताते हुए उस नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। कॉल के दौरान ठगों ने पीड़ित को बातचीत में उलझाए रखा, जबकि मौके पर मौजूद उनके साथी ने चालाकी से ATM पिन देख लिया। इसके बाद ठगों ने कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से चार बार पैसे निकाल लिए। जब तक पीड़ित परिवार को ठगी का एहसास हुआ, उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आ चुके थे। आनन-फानन में कार्ड ब्लॉक कराया गया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 के SHO मौके पर पहुंचे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है, जिनमें से एक युवक लाल रंग की टी-शर्ट में बताया जा रहा है।