ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 15 December 2025

जालंधर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद CP धनप्रीत कौर और डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की

जालंधर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद CP धनप्रीत कौर और डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की

जालंधर : मिली जानकारी अनुसार आज जालंधर शहर के सेंट जोसेफ और आईवीवाई (IVY) वर्ल्ड स्कूल, केएमवी(kMV) संस्कृती स्कूल और शिव ज्योति को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे हर तरफ हड़कंप मच गया। सुरक्षा के लिहाज से स्कूल और कॉलेज खाली करवा दिए गए। मौके पर पुलिस भी मौजूद रहा। बता दें कि इससे पहले अमृतसर के स्कूलों को भी बम धमकी मिली थी।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रिंसिपल्स को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। ईमेल मिलने के बाद चल रही कक्षाओं को तुरंत बंद करवा दिया गया और स्कूल की लाइट्स भी बंद कर दी गईं। इसके बाद माता-पिता को व्हाट्सएप, फोन कॉल और स्कूल ऐप के जरिए अपने बच्चों को तुरंत लेने के लिए सूचित किया गया। सामान्यत: स्कूल की छुट्टी दोपहर 2:30 बजे होती है, लेकिन इस घटना के चलते छुट्टी सुबह 11 बजे कर दी गई, जिससे माता-पिता भी घबराए हुए स्कूल पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्टि की कि धमकी ईमेल के जरिए मिली थी। एंटी-साबोटेज टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं और पूरे स्कूल परिसर की तलाशी ली जा रही है।

वहीँ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर और डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि अब तक किसी भी स्कूल या कॉलेज परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सभी स्कूलों और कॉलेजों की गहन जांच की जा चुकी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

डीसी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्कूलों को बंद रखने को लेकर कोई प्रशासनिक आदेश जारी नहीं किया गया है। जिन स्कूलों को सीधे तौर पर धमकी नहीं मिली है, वहां स्कूल प्रबंधन को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मंगलवार को स्कूल खुलने या बंद रहने को लेकर अंतिम फैसला स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। शाम तक इस बारे जानकारी दे दी जाएगी। प्रशासन ने अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।